कर्नल CK नायुडू U23 प्लेट ग्रुप में चैंपियन बना बिहार, वासुदेव और नमन गौरव रहर ख़िताबी मुकाबले के हीरो

बीसीसीआई द्वारा आयोजित कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के फाइनल मुकाबले में बिहार क्रिकेट टीम ने नगालैंड को पारी और 164 रन से पराजित करते हुए खिताब अपने नाम किया। यह खिताबी मुकाबला मोईन-उल-हक स्टेडियम, पटना में खेला गया, जहां बिहार टीम मैच के हर विभाग में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए प्लेट ग्रुप का चैंपियन बनी।

कर्नल CK नायुडू U23 प्लेट ग्रुप में चैंपियन बना बिहार, वासुदेव और नमन गौरव रहर ख़िताबी मुकाबले के हीरो
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बीसीसीआई द्वारा आयोजित कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के फाइनल मुकाबले में बिहार क्रिकेट टीम ने नगालैंड को पारी और 164 रन से पराजित करते हुए खिताब अपने नाम किया। यह खिताबी मुकाबला मोईन-उल-हक स्टेडियम, पटना में खेला गया, जहां बिहार टीम मैच के हर विभाग में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए प्लेट ग्रुप का चैंपियन बनी।

बिहार ने अपनी पहली पारी में 112 ओवर में 9 विकेट पर 482 रन बनाकर पारी घोषित की। इस ख़िताबी मुकाबले में नमन गौरव ने अपना डेब्यू किया। नमन ने अपने डेब्यू मैच में ही नाबाद 200 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसने बिहार की मजबूत स्थिति की नींव रखी। उनके अलावा आकाश राज 73, पृथ्वी राज 61, आदित्य राज 61 और वासुदेव ने 33 रनों कि उपयोगी पारियां खेलकर स्कोर को मजबूती प्रदान की।

जवाब में नगालैंड की टीम पहली पारी में 44.4 ओवर में 155 रन पर सिमट गई। इसके बाद दूसरी पारी में भी नगालैंड की बल्लेबाजी दबाव में नजर आई और पूरी टीम 37 ओवर में 163 रन बनाकर आउट हो गई। नगालैंड की ओर से नीज़ेखो ने 84 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। बिहार की गेंदबाजी पूरे मुकाबले में अनुशासित और प्रभावी रही। दूसरी पारी में वासुदेव प्रसाद सिंह और सूरज कश्यप ने 3-3 विकेट लेकर नगालैंड की वापसी की संभावनाओं को समाप्त कर दिया। सुमन कुमार ने 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि बादल कनौजिया और आदित्य राज ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस जीत के साथ बिहार ने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी प्लेट ग्रुप का खिताब जीतकर टूर्नामेंट का सफल समापन किया। पूरे सत्र में बिहार टीम ने निरंतरता, संतुलन और सामूहिक प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की, जो राज्य क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। इस अवसर पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन ने बिहार टीम की खिताबी जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे सत्र में टीम के निरंतर और अनुशासित प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबले में धैर्य, संतुलन और दबाव में बेहतर खेल का परिचय दिया, जो इस स्तर की प्रतियोगिता में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने टीम प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ के प्रयासों की भी सराहना की।

बीसीए सचिव  ज़िआउल अरफीन ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा कि कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी प्लेट ग्रुप में बिहार टीम का प्रदर्शन राज्य क्रिकेट की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए अपनी क्षमता साबित की है और यह जीत भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।

मैच संपन्न के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जियाउल आरफीन ने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर BCA के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे तथा सबने बिहार और नगालैंड, दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और खेल भावना को बनाए रखने के लिए खिलाड़ियों को सराहा। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने इस खिताबी सफलता पर टीम प्रबंधन, खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी है तथा भविष्य में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

पटना से रमण की रिपोर्ट